शताब्दी वर्ष के विशेष अभियान पर बिहार पहुंचे मोहन भागवत, मुंगेर में 700 स्वयंसेवकों को देंगे मार्गदर्शन
पटना पहुंचने के बाद सरसंघचालक सीधे मुंगेर के लिए रवाना हो गए, जहां 7 से 9 जून तक चलने वाले संघ शिक्षा वर्ग में वह शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर को संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुंगेर के पुरानीगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित शिक्षा वर्ग में डॉ. भागवत स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे संगठन की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका, सामाजिक समरसता और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। उनके कई प्रशिक्षण सत्रों और संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने का भी कार्यक्रम है।
संघ सूत्रों के अनुसार, मुंगेर में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों में करीब 700 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें अनुशासन, संगठन कौशल, सेवा कार्यों और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के मद्देनजर आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में बिहार में मोहन भागवत का यह प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके दौरे के दौरान आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण मंथन होगा।







