Newshaat_Logo

बिहार में मानसून की वापसी: पटना में धूप-गर्मी, 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

 
Patna weather report

Patna: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को सुबह से हुई झमाझम बारिश ने लोगों को राहत दी थी, लेकिन मंगलवार सुबह राजधानी पटना तेज धूप से तपने लगी। उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

किन जिलों में है अलर्ट

पटना, पूर्णिया, कटिहार समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

31 अगस्त तक बरसात का सिलसिला

मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 अगस्त तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। कुछ जगहों पर तेज बारिश की भी आशंका है। हालांकि, अगले चार से पांच दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक इजाफा होने का अंदेशा है।

आज का मौसम कैसा रहेगा?

मंगलवार को पश्चिमी, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-मध्य जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-तड़क और तेज हवाओं का अलर्ट है। दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बादल छाए रहने की संभावना है। सोमवार को पटना समेत आठ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं दरभंगा और सुपौल में केवल बूंदाबांदी हुई।

पटना में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

सोमवार की बारिश ने पटना के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा कर दी। पाटलिपुत्र कॉलोनी, गांधी मैदान, खेतान मार्केट, कदमकुआं, कंकड़बाग, राजीव नगर और गर्दनीबाग जैसे निचले इलाकों में 1 से 3 फीट तक पानी भर गया।

नगर परिषद क्षेत्रों में हालात और भी खराब रहे। गांधी मैदान में भी पानी जमा हो गया था, जिसे पंप और सुपर सकर मशीन की मदद से निकाला गया। कुर्जी, जेपी गंगा पथ और जंक्शन एरिया में भी जलभराव से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।