बिहार में मानसून की रफ्तार थमी, दो दिन राहत के बाद फिर बारिश के आसार
Bihar Weather Update: बिहार में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। सोमवार को भी मौसम के सामान्य रहने का अनुमान है। ऐसे में अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश से राहत मिल सकती है। हालांकि, 22 और 23 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

बारिश कम होते ही बढ़ा तापमान
राज्य में बारिश की रफ्तार कम होने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को कैमूर बिहार का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा सुपौल में 35.6 डिग्री, दरभंगा में 35.4 डिग्री और सीवान में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मधुबनी में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, जबकि नालंदा और मोतिहारी में 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मधेपुरा में पारा 34 डिग्री तक पहुंच गया।
पटना में 36 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी पटना में भी गर्मी का असर बना रहेगा। 20 और 21 सितंबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री रह सकता है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 22 सितंबर को पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 23 सितंबर को तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में बक्सर में सबसे ज्यादा बारिश
हालांकि फिलहाल मौसम शांत है, लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बक्सर के बरहामपुर में सबसे ज्यादा 46.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके बाद बेगूसराय के गढ़पुरा में 45.6 मिमी और बक्सर के चक्की में 42.6 मिमी बारिश हुई। खगड़िया के परबत्ता में 38.4 मिमी और बक्सर के सिमरी में 36.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा आरा में 25.4 मिमी, चौंगाई में 22.6 मिमी, चेरिया बरियारपुर में 18.6 मिमी और रोसड़ा में 18.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। केसठ में भी 18.2 मिमी बारिश हुई।
बिहार में सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश
इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 650.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 919.9 मिमी है। इस लिहाज से बिहार में अब तक 28 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
महीनेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जून में 103.8 मिमी, जुलाई में 227.2 मिमी और अगस्त में 190.4 मिमी बारिश हुई। सितंबर में अब तक 128.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
22-23 सितंबर को फिर सक्रिय हो सकता है मौसम
फिलहाल अगले दो दिनों तक बिहार में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि 22 और 23 सितंबर को कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में बढ़ोतरी के बीच बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।







