मां ने 2 बच्चों को कुएं में फेंका, एक की मौत, दूसरा गंभीर, पत्नियों में हुआ था झगड़ा

पटना में बुधवार सुबह मां ने 2 बच्चों को कुएं में फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने कुएं में कूदकर दोनों को बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर है।
मृतक की पहचान अर्णव कुमार (7) के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान सम्मी कुमार (5) है। दोनों अरुण ठाकुर के बेटे हैं। मामला बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव का है।
दरअसल, अरुण ठाकुर की दो शादी हुई है। पहली पत्नी से दूसरी वाली का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दूसरी पत्नी शारदा कुमारी ने पहली पत्नी के दोनों बच्चों को हत्या की नीयत से कुएं में फेंक दिया। पहली पत्नी रजनी देवी के दो बेटे हैं।
वहीं, दूसरी पत्नी शारदा कुमारी की एक बेटी शिवानी कुमारी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सभी मामलों की जांच में जुट गई है। इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
