Newshaat_Logo

मोतिहारी: जमीन कारोबारी के घर छापेमारी, चार हथियार, करीब 100 कारतूस और 27 लाख कैश जब्त

बिहार के मोतिहारी में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है
 
मोतिहारी

बिहार के मोतिहारी में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है. एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में देर रात भूमाफिया और अपराधी राकेश शर्मा के घर पर छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी, हथियार, कारतूस, शराब और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं.

एसपी स्वर्ण प्रभात को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया. छापेमारी के लिए तीन डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई थी. पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बन गया.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो राइफल, दो पिस्टल और करीब 100 कारतूस बरामद किए. इसके अलावा छह ब्रांडेड शराब की बोतलें भी जब्त की गईं. मौके से करीब 27 लाख रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे, जिससे कार्रवाई की गंभीरता और बढ़ गई.

पुलिस ने जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 65 से अधिक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं. इन दस्तावेजों से संबंधित जमीनों का अनुमानित मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है. पुलिस अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है कि वे किन जमीनों से जुड़े हैं और इनका आपराधिक गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं.

इस कार्रवाई में राकेश शर्मा का बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस बरामद हथियारों, कारतूस, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की विस्तृत जांच में जुटी है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है