मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात की पहल: त्योहारों पर यात्रियों के लिए रातभर चलेगी फ्री बस सेवा
Motihari: त्योहारों के मौसम में जहां लोगों की भीड़ यात्राओं को चुनौतीपूर्ण बना देती है, वहीं मोतिहारी पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने एक सराहनीय कदम उठाया है। नवरात्र से लेकर दिवाली और छठ पर्व तक जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फ्री बस सेवा शुरू की है।
यह सेवा रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। यात्री बापूधाम रेलवे स्टेशन और छतौनी बस स्टैंड से इस बस सेवा का निःशुल्क लाभ उठा सकते हैं। पहल की शुरुआत खुद एसपी स्वर्ण प्रभात ने हरी झंडी दिखाकर की।
सुरक्षा और सुविधा पर जोर
त्योहारों में देर रात सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और आसान विकल्प मिले, इसी मकसद से यह अनोखी पहल शुरू की गई है। आम लोगों का मानना है कि इससे खासकर महिलाएं, छात्र-छात्राएं और दूर-दराज़ से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनता की सराहना
जिलेवासियों ने एसपी के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल न सिर्फ लोगों की सुविधा के लिए अहम है, बल्कि पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा भी मजबूत करेगी। सोशल मीडिया पर भी इस कदम की जमकर सराहना हो रही है।
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी







