Newshaat_Logo

3 दिन से लापता मोतीलाल यादव की पत्नी ने जताई सुरक्षा की चिंता; बोलीं- ‘आखिरी बार तेज प्रताप से हुई थी वीडियो कॉल पर बात’

 
3 दिन से लापता मोतीलाल यादव की पत्नी ने जताई सुरक्षा की चिंता; बोलीं- ‘आखिरी बार तेज प्रताप से हुई थी वीडियो कॉल पर बात’

Patna News: पटना में पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में कथित चोरी का मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। तेज प्रताप यादव के निजी सहायक (पर्सनल असिस्टेंट) रहे मोतीलाल यादव पर चोरी के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद उनकी पत्नी प्रीति भारती ने कई अहम दावे किए हैं, जिससे पूरे मामले को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रीति भारती ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मोतीलाल यादव की आखिरी बार वीडियो कॉल पर बातचीत स्वयं तेज प्रताप यादव से हुई थी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें यह तक नहीं पता कि मोतीलाल सुरक्षित हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल यादव के खिलाफ सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरकारी आवास से पार्टी फंड के लिए रखे गए करीब 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब कर दिए गए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मोतीलाल यादव की पत्नी के बयान के बाद यह मामला और अधिक रहस्यमय होता जा रहा है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है और अब सबकी निगाहें पुलिस जांच तथा मोतीलाल यादव की लोकेशन को लेकर सामने आने वाली जानकारी पर टिकी हैं।