Newshaat_Logo

फतुहा में लगेगी मल्टीलेयर पैकेजिंग यूनिट, 500 युवाओं को मिलेगा रोजगार, गुजरात और महाराष्ट्र पर निर्भरता घटेगी

बिहार अब पैकेजिंग सामग्री के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता खत्म करने जा रहा है। पटना के फतुहा में 25 हजार वर्ग फीट में आधुनिक मल्टीलेयर पैकेजिंग यूनिट स्थापित होगी। 
 
फतुहा

बिहार अब पैकेजिंग सामग्री के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता खत्म करने जा रहा है। पटना के फतुहा में 25 हजार वर्ग फीट में आधुनिक मल्टीलेयर पैकेजिंग यूनिट स्थापित होगी। पहले चरण में 12 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस संयंत्र से 500 कुशल व अर्ध-कुशल युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इससे गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, नोएडा, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल पर निर्भरता घटेगी। साथ ही पैकेजिंग 8 से 15 रुपए/किग्रा सस्ती होगी।

यूनिट में दूध, बिस्किट, चिप्स, नमकीन, चायपत्ती, रेडी-टू-ईट व फ्रोजन फूड की हाई क्वालिटी पैकिंग होगी। इसमें 3, 5 व 7-लेयर ब्लोन फिल्म लाइनों की तकनीक लगेगी। 3-लेयर पैकेजिंग में पॉलिथीन, पॉलीप्रोपाइलीन, ईवीओएच और नायलॉन की परतें इस्तेमाल होंगी। बाहरी परत खरोंच से बचाएगी, मध्य परत नमी व हवा रोकेगी और आंतरिक फूड-ग्रेड परत सामान को सड़ने से बचाएगी। इससे मखाना, मसाले व नमकीन का असली स्वाद सुरक्षित रहेगा। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए फतुहा में मल्टीलेयर पैकेजिंग यूनिट लग रही है। इससे खाद्य सामग्री सुरक्षित रहेगी और रोजगार मिलेगा।

बिहार लंबे समय से एक उपभोक्ता राज्य रहा है, जहां तैयार सामान बाहर से आता था। फतुहा में पैकेजिंग यूनिट लगने से यह स्थिति बदलेगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर पैकेजिंग मिलने से राज्य का एग्री-प्रोसेसिंग सेक्टर मजबूत होगा। परिवहन लागत घटने से पैकेजिंग 8 से 15 रुपए/किग्रा सस्ती होगी और वेस्टेज खत्म होगा। 500 प्रत्यक्ष रोजगार सृजन के साथ यह यूनिट बिहार को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।