Nawada News: नवादा PHC में विधायक अनीता का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर भड़कीं, कर्मियों को दी सख्त चेतावनी
Nawada News: बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजद विधायक अनीता अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। विधायक के बिना सूचना पहुंचे ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप दिखा और व्यवस्थाओं की असली तस्वीर सामने आ गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक अनीता ने साफ कहा कि यह उनका पहला औचक दौरा है और उम्मीद है कि आखिरी साबित होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि आगे किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकारी अस्पतालों का मकसद जनता को बेहतर इलाज देना है, न कि उन्हें परेशान करना।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पीएचसी प्रभारी से कई सवाल पूछे। जब उन्होंने दवाइयों को सुरक्षित रखने वाले फ्रिज के तापमान के बारे में जानकारी मांगी, तो प्रभारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई और कहा कि अगली बार व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलनी चाहिए।
विधायक अनीता ने अस्पताल कर्मियों के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मरीजों से बात करने का तरीका ठीक होना चाहिए और किसी भी हाल में बदसलूकी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर कर्मियों को सख्त चेतावनी दी गई।
विधायक ने बताया कि यह दौरा जनता के हित में किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं। उनके सख्त रुख के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अस्पताल की व्यवस्था में अब सुधार देखने को मिलेगा।







