CM के दौरे से नवादा हाई अलर्ट पर: सड़कों पर उतरे अफसर, शहर बना छावनी, स्वागत में जुटे कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जिले के आला अधिकारी खुद सड़कों पर उतर आए हैं। डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम हर मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। उनके साथ एसडीओ अमित अनुराग, डीएसपी हुलास कुमार और अन्य अधिकारी भी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों और सीमावर्ती इलाकों में स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। जगह-जगह बैनर-पोस्टर और झंडों से राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।
प्रशासन ने ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए हैं, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







