Newshaat_Logo

बिहार में 6 करोड़ लोगों की होगी NCD स्क्रीनिंग, घर-घर पहुंचेगा स्वास्थ्य विभाग; निशांत बोले- ‘बीमारी छिपाएं नहीं, समय पर कराएं जांच’

 
बिहार में 6 करोड़ लोगों की होगी NCD स्क्रीनिंग, घर-घर पहुंचेगा स्वास्थ्य विभाग; निशांत बोले- ‘बीमारी छिपाएं नहीं, समय पर कराएं जांच’

 

 

 

Bihar news: बिहार सरकार ने गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय रहते पहचान और उपचार के लिए बुधवार को ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अभियान को बिहारवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को घर-घर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान करना है।

30 साल से अधिक उम्र के लोगों की होगी स्क्रीनिंग

अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए राज्य के करीब 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों को अभियान से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की प्राथमिक जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श करेंगे। स्क्रीनिंग के दौरान मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर समेत कई प्रमुख गैर-संचारी रोगों की पहचान की जाएगी।

बीमारी की पुष्टि होने पर इलाज और रेफरल की सुविधा

जांच के दौरान किसी बीमारी की पुष्टि होने पर मरीज को आगे के उपचार के लिए आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार टेलीमेडिसिन की सुविधा के साथ मरीजों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर से लेकर जिला अस्पताल तक रेफर किया जाएगा।

अभियान के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर नए चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि प्राथमिक स्तर पर ही जरूरी जांच की जा सके।

इन बीमारियों की होगी जांच

अभियान के तहत कई गंभीर और आम गैर-संचारी रोगों को स्क्रीनिंग में शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से—

• मधुमेह
• उच्च रक्तचाप
• सामान्य कैंसर
• हृदय रोग
• सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां
• फैटी लिवर

की जांच की जाएगी।

जिला अस्पतालों में ऑपरेशन की सुविधा बढ़ाने पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों से मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत में कमी आई है। जिला अस्पतालों में 70 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें करीब 40 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा फिलहाल उपलब्ध होने की बात कही गई।

नशे से दूर रहने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर जांच कराने की अपील की। उन्होंने युवाओं समेत आम लोगों से तंबाकू, गुटखा, शराब और ड्रग्स से दूर रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और इलाज से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रित किया जा सकता है। सरकार की प्राथमिकता स्वस्थ बिहार का निर्माण करना है। अभियान के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।