NEET-UG 2026: बिहार के आयुष भालोटिया ने किया कमाल, AIR-4 हासिल कर बढ़ाया राज्य का मान; विधानसभा अध्यक्ष ने दी बधाई
Patna Desk: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के परिणामों में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि NEET-UG जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि देशभर के सफल छात्र-छात्राएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं और उनकी यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से बिहार के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन कर बिहार का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने ऑल इंडिया टॉप-10 में स्थान बनाने वाले आयुष भालोटिया और रिया रंजन को विशेष रूप से बधाई दी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इन छात्रों की सफलता यह साबित करती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने आशा जताई कि ये युवा भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां बिहार के अन्य छात्रों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।







