Movie prime

नेपाल चुनाव से पहले 72 घंटे के लिए सील हुई भारत-नेपाल सीमा, अररिया-जोगबनी में सख्ती से थमी आवाजाही

 
नेपाल चुनाव से पहले 72 घंटे के लिए सील हुई भारत-नेपाल सीमा, अररिया-जोगबनी में सख्ती से थमी आवाजाही
Bihar news: नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर अभूतपूर्व सतर्कता बरती जा रही है। उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए फैसले के तहत चुनाव से 72 घंटे पहले ही सीमा को मध्यरात्रि से पूरी तरह सील कर दिया गया। इसका सीधा असर बिहार के अररिया जिले से सटे सीमावर्ती इलाकों में देखने को मिल रहा है।

चौकसी बढ़ी, हर गतिविधि पर नजर

सीमा पर पैदल गश्ती के साथ मोबाइल पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। इंटेलिजेंस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें भी सक्रिय हैं। भारतीय क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं, जबकि नेपाल की ओर से पुलिस के साथ सेना ने मोर्चा संभाल रखा है।

सीमा पार से किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। न नेपाल से भारत में प्रवेश की अनुमति है और न ही भारत से नेपाल जाने की। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

बाजारों पर पड़ा असर

सीमा सील होने का असर जोगबनी समेत अन्य सीमावर्ती बाजारों पर साफ दिख रहा है। दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही पर निर्भर इन बाजारों में सन्नाटा पसरा है। रोजमर्रा की वस्तुओं से लेकर अन्य सामानों की खरीद-बिक्री प्रभावित हुई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नेपाल प्रशासन का बयान

नेपाल के मोरंग जिला पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सीमा से लेकर शहरों और गांवों तक विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पैदल और मोबाइल गश्ती के जरिए सख्ती सुनिश्चित की जा रही है।

फिलहाल, चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सीमा पर यही कड़ा पहरा जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कदम दोनों देशों की आपसी सहमति और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।