Newshaat_Logo

बिहार में महिला सुरक्षा को नई रफ्तार, अभया ब्रिगेड को मिलीं 2,700 स्कूटर; पुरुष जवानों को 2 हजार बाइक

 
बिहार में महिला सुरक्षा को नई रफ्तार, अभया ब्रिगेड को मिलीं 2,700 स्कूटर; पुरुष जवानों को 2 हजार बाइक

Bihar News: बिहार में महिला सुरक्षा और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस दीदी यानी अभया ब्रिगेड के लिए 2,700 स्कूटर और पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए 2,000 मोटरसाइकिल का लोकार्पण एवं फ्लैग ऑफ किया। कुल 4,700 दोपहिया वाहनों के मिलने से पुलिस की फील्ड पहुंच और गश्ती व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार महिलाओं की शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल और पोशाक देने से लेकर कन्या उत्थान योजना तक शुरू की गई योजनाओं ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में आधार तैयार किया है।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

अभया ब्रिगेड को दिए गए स्कूटर का इस्तेमाल खास तौर पर महिला और बालिका सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के लिए किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक स्कूटी मिलने से पुलिस दीदी कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेंगी और स्कूल-कॉलेजों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा सकेगी।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज आवागमन से किसी घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों की मौके तक पहुंचने की क्षमता बेहतर होगी। इससे महिलाओं और छात्राओं के बीच सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।

रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा को तोहफा

उप-मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कार्यक्रम को रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, आय बढ़ाने, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य के लिए सरकार लगातार कई स्तरों पर काम कर रही है।

गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि अभया ब्रिगेड को स्कूटर उपलब्ध कराना पुलिस व्यवस्था के साथ-साथ महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में नई पहल है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पीएचडी करने वाली महिलाओं को भी मिलेगी आर्थिक मदद

विजय कुमार चौधरी ने सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब पीएचडी करने वाली करीब 1,000 छात्राओं और महिलाओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की सहायता देने की योजना शुरू की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर लड़कियों की भागीदारी का जेंडर पैरिटी इंडेक्स राष्ट्रीय औसत से बेहतर हुआ है।

मुख्यमंत्री को ‘भैया’ कहकर बांधी राखी

कार्यक्रम के दौरान अभया ब्रिगेड की पुलिसकर्मी रीमा कुमारी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या वह उन्हें ‘भैया’ कह सकती हैं और राखी बांध सकती हैं। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद रीमा कुमारी ने मंच पर उन्हें राखी बांधी। इसके बाद पटना जिला बल में तैनात पुलिसकर्मी रूचि कुमारी ने भी मुख्यमंत्री को राखी बांधी।

रूचि कुमारी ने बताया कि स्कूटर मिलने के बाद महिला पुलिसकर्मी पहले की तुलना में अधिक दूरी तक गश्त कर सकेंगी। स्कूल, कॉलेज और अन्य स्थानों पर निगरानी बढ़ाने में भी इससे मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में डीजीपी विनय कुमार, एडीजी (विधि-व्यवस्था) के. सुहिता अनुपम समेत गृह विभाग और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का कहना है कि नए वाहनों के जरिए पुलिस की गतिशीलता बढ़ाने के साथ महिला सुरक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।