Movie prime

राजेन्द्र नगर में विज्ञान का नया केंद्र: सीएम नीतीश ने किया डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण, बच्चों से मिलकर बढ़ाया उत्साह

 
राजेन्द्र नगर में विज्ञान का नया केंद्र: सीएम नीतीश ने किया डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण, बच्चों से मिलकर बढ़ाया उत्साह

Bihar news: पटना के राजेन्द्र नगर में तैयार की गई डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी अब विज्ञान और नवाचार का नया पहचान बनकर उभर रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21 एकड़ में फैले इस अत्याधुनिक साइंस सिटी का निरीक्षण किया और परिसर के हर महत्वपूर्ण हिस्से का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विज्ञान गैलरियों और आकर्षक वैज्ञानिक प्रदर्शों को देखा। इस मौके पर उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से बातचीत की और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और उत्साह की सराहना की। बच्चों से मिलकर मुख्यमंत्री खासे प्रसन्न नजर आए और उनका हौसला बढ़ाया।

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में विज्ञान आधारित पांच प्रमुख गैलरियां, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, आधुनिक ऑडिटोरियम, 4-डी थियेटर और छात्रों व शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की व्यवस्था की गई है, जो इसे देश के चुनिंदा साइंस सेंटर्स में शामिल करती है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी को बेहद खास अवधारणाओं के साथ तैयार किया गया है। यह केंद्र न सिर्फ बच्चों और युवाओं के लिए बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विज्ञान को रोचक और सरल तरीके से समझने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह साइंस सिटी युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को मजबूत करेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के माध्यम से बिहार में विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देने की पहल मानी जा रही है, जो आने वाले समय में छात्रों के लिए प्रेरणा का बड़ा केंद्र बनेगी।