छपरा से दिल्ली तक नई रेल सेवा की सौगात, रेल मंत्री बोले- जल्द दौड़ेगी दिल्ली से सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन
Bihar news: बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को छपरा जंक्शन से कई नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान रेल मंत्री ने छपरा-दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनस) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू ट्रेन के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन चलाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से सिलीगुड़ी की यात्रा महज साढ़े चार घंटे में पूरी की जा सकेगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में आधुनिक रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि नई ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और व्यवसाय के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों की लंबे समय से नई रेल सेवाओं की मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है।
इस अवसर पर सारण सांसद राजीव प्रताप रूड़ी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव, आफाक अहमद, सच्चिदानंद राय, विधायक छोटी कुमारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं मऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और घोसी सांसद राजीव राय भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री पहुंचे, जहां उन्होंने गिनी गणराज्य को निर्यात किए जाने वाले 51वें अत्याधुनिक रेल इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसे भारत की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और रेलवे निर्माण क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस और वाराणसी सिटी तक विस्तारित मेमू सेवा से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नई रेल सेवाओं और बुलेट ट्रेन परियोजना की घोषणा के साथ ही छपरा का यह कार्यक्रम रेलवे विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।







