Movie prime

गया में बनेगा नया चिड़ियाघर! बिहार विधानसभा अध्यक्ष की उच्चस्तरीय बैठक में मिली बड़ी जानकारी

    •    गया में चिड़ियाघर स्थापना को राज्य सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी
    •    हरित बिहार के लिए जल–जीवन–हरियाली अभियान पर भी हुई अहम चर्चा
 
गया में बनेगा नया चिड़ियाघर! बिहार विधानसभा अध्यक्ष की उच्चस्तरीय बैठक में मिली बड़ी जानकारी
Bihar News: बिहार Legislative Assembly के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में गया जिले में चिड़ियाघर स्थापित करने के प्रस्ताव सहित पर्यावरण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने जानकारी दी कि गया में चिड़ियाघर बनाने के प्रस्ताव को राज्य सरकार की सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। इसके लिए सेंट्रल जू अथॉरिटी से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जैसे ही अनुमति मिलती है, विभाग द्वारा चिड़ियाघर की स्थापना से जुड़ी औपचारिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

जल–जीवन–हरियाली अभियान पर भी चर्चा

बैठक में जलवायु परिवर्तन की चुनौती और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान नीतीश कुमार के विजन के तहत चलाए जा रहे जल जीवन हरियाली अभियान की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में यह अभियान बेहद अहम साबित हो रहा है। उन्होंने राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के लिए और अधिक प्रभावी कदम उठाने पर बल दिया।

पटना के प्रवेश मार्गों पर बनेगी हरित पट्टी

बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि पटना समेत राज्य के प्रमुख शहरों और प्रवेश मार्गों पर हरित पट्टी विकसित की जाए। इससे बाहर से आने वाले लोगों को राज्य में प्रवेश करते ही “हरित बिहार” की सकारात्मक छवि देखने को मिलेगी।

इस पर अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने भरोसा दिलाया कि विभाग जल्द ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में काम शुरू करेगा।

गया में प्रस्तावित चिड़ियाघर और हरित पट्टी के विकास की योजना को राज्य में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।