भाजपा महिला मोर्चा को मिला नया नेतृत्व, निशा सिंह ने संभाली प्रदेश अध्यक्ष की कमान
Bihar News: बिहार भाजपा महिला मोर्चा को नया नेतृत्व मिल गया है। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित समारोह के दौरान नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने विधिवत अपना पदभार संभाल लिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसानिया, मंत्री श्रेयसी सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद निशा सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगी। उन्होंने महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
मंडल से बूथ तक संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने निशा सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को प्रदेश से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सरावगी ने कहा कि भाजपा के संगठन में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी का संगठनात्मक आधार और मजबूत होगा। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
‘महिलाओं की भागीदारी से संगठन को मिलेगी मजबूती’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की मेहनत से संगठन को बूथ, मंडल और जिला स्तर पर मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। महिला मोर्चा इन योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
निशा सिंह ने बताई अपनी प्राथमिकताएं
पदभार संभालने के बाद निशा सिंह ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की क्षमता और ऊर्जा का इस्तेमाल संगठन को मजबूत बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने, महिला मोर्चा को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए महिला मोर्चा पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दिव्या गुंजन ने किया। समारोह में राज्यसभा सांसद एवं महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मशिला गुप्ता, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, विधान पार्षद शिला प्रजापति, निवेदिता सिंह, सजल झा, पिंकी कुशवाहा, अनामिका पासवान, शोभा सिंह, शिला सिंह कुशवाहा, सुषमा साहू, हेमलता वर्मा, लाजवंती झा, डॉ. रागिनी रानी, अंजनी निषाद, सीमा झा, पूनम शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







