Newshaat_Logo

स्वास्थ्य मंत्री बनते ही एक्शन में निशांत कुमार, बोले- अमीर-गरीब सभी को मिलेगी समान इलाज सुविधा

 
स्वास्थ्य मंत्री बनते ही एक्शन में निशांत कुमार, बोले- अमीर-गरीब सभी को मिलेगी समान इलाज सुविधा
Bihar News: बिहार की राजनीति में नई पारी शुरू करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग का पदभार संभाल लिया। मंत्री बनते ही उन्होंने साफ संकेत दिया कि उनकी प्राथमिकता राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना तथा हर वर्ग तक समान इलाज सुविधा पहुंचाना होगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि बिहार में अमीर और गरीब के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं का अंतर कम हो और हर व्यक्ति को बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

“20 वर्षों के काम को आगे बढ़ाएंगे”

निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई बड़े बदलाव किए और अब वे उसी कार्य को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे विभागीय कामकाज को समझने और सीखने पर फोकस करेंगे, जिसके बाद बड़े फैसले लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य विभाग से आम लोगों की बड़ी उम्मीदें होती हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि जनता का विश्वास और प्रेम अपने काम से जीत सकें।”

IGIMS विवाद पर भी बोले

पटना स्थित IGIMS में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर निशांत कुमार ने कहा कि वे मामले की जानकारी लेंगे और उसके बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बिना विधायक-एमएलसी बने मंत्री

गौरतलब है कि सम्राट कैबिनेट में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), HAM और RLM के कुल 32 मंत्री शामिल किए गए हैं। इनमें निशांत कुमार भी शामिल हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की अहम जिम्मेदारी मिली है। हालांकि फिलहाल वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले महीनों में उन्हें जदयू कोटे से एमएलसी बनाया जा सकता है।

निशांत कुमार की एंट्री को जदयू में नई पीढ़ी के नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।