चुनावी मौसम में नीतीश सरकार का तोहफ़ा, स्वास्थ्यकर्मियों का मानदेय बढ़ा
Bihar Cabinet Meeting: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार लगातार कर्मचारियों को राहत देने वाले फैसले ले रही है। अब स्वास्थ्य विभाग के हज़ारों नियोजित कर्मियों को मानदेय बढ़ोतरी का बड़ा तोहफ़ा दिया गया है। सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के मुताबिक, स्वास्थ्यकर्मियों का मानदेय 11 हज़ार से बढ़ाकर 21 हज़ार रुपये तक कर दिया गया है।
लैब और एक्स-रे टेक्नीशियन को भी फायदा
नए आदेश के बाद लैब टेक्नीशियन और एक्स-रे टेक्नीशियन का मानदेय भी 37 हज़ार से बढ़ाकर 48 हज़ार रुपये कर दिया गया है। वहीं वरीय रेडियोग्राफर को अब 58 हज़ार रुपये मानदेय मिलेगा, जो पहले 37 हज़ार रुपये था। अनुमान है कि इस फैसले से राज्यभर के करीब 500 रेडियोग्राफर और बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ को सीधा लाभ मिलेगा।
पहले भी कई वर्गों को राहत
इससे पहले भी सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया था। हालिया कैबिनेट बैठक में किसान सलाहकारों का मानदेय 13 हज़ार से बढ़ाकर 21 हज़ार किया गया। वहीं आशा कार्यकर्ताओं को पहले जहाँ 1000 रुपये मिलते थे, अब उन्हें 3000 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 600 रुपये दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
चुनाव से पहले बड़ा कदम
विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी साल में लगातार हो रही इन घोषणाओं का सीधा असर मतदाताओं पर पड़ेगा। खासतौर से स्वास्थ्य और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कर्मचारी वर्ग सरकार के इस कदम से खुश नज़र आ रहे हैं।







