Newshaat_Logo

नीतीश कैबिनेट की आखिरी मीटिंग 14 तारीख को, फिर देंगे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

 
नीतीश कैबिनेट की आखिरी मीटिंग 14 तारीख को, फिर देंगे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा
Bihar News: बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट की आखिरी बैठक 14 अप्रैल को बुलाई गई है. यह बैठक सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय में आयोजित होगी, जिसे मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद वे कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे. सूत्रों की मानें तो इस अहम बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं.

सूत्रों के हवाले खबर है कि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 तारीख को कैबिनेट बैठक के बाद सीएम पद से रिजाइन दे देंगे. उसके ठीक अगले दिन यानी 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे. पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकता है. अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा. ऐसे में संभव है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री शाह और नितिन नबीन जैसे बड़े नेता कार्यक्रम में शिकरत कर सकते हैं. बिहार के मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी का नाम चल रहा है. कई बार जनसभाओं को दौरान नीतीश कुमार सम्राट की तारीफ करते नजर आए हैं. तो वहीं, भाजपा ने इस बार बहुमत आते ही गृहविभाग नीतीश के हाथों से सम्राट को सौंप दिया था. कयास लगाए जा रहे हैं कि सम्राट ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं. हालांकि, बीजेपी अन्य राज्यों की तरह चौंकाने वाला फैसला भी ले सकती है. सम्राट के अलावा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा और पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी भी इस दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं.

नीतीश कुमार 10 बार बिहार के मुख्यमंत्री की शपथ ले चुके हैं. 3 मार्च 2000 को उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, लेकिन बहुमत साबित नहीं कर पाने के कारण सरकार सिर्फ 7 दिन चली. इसके बाद 24 नवंबर 2005 को उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला. इस कार्यकाल में उन्होंने कानून व्यवस्था, सड़क और शिक्षा के मुद्दों पर जोर दिया. 2010 में तीसरी बार मुख्यमंत्री बने और उनकी छवि सुशासन वाले नेता के रूप में मजबूत हुई. 2015 में महागठबंधन के साथ चुनाव जीतकर वे फिर सत्ता में आए. इसके बाद बिहार की राजनीति में गठबंधन बदलने का दौर शुरू हुआ. इसके बाद से नीतीश कुमार ही अब तक बिहार में सीएम रहे हैं.