Newshaat_Logo

उलार सूर्य मंदिर पहुंचे नीतीश कुमार, विकास कार्यों का लिया जायजा; बोले- ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

 
उलार सूर्य मंदिर पहुंचे नीतीश कुमार, विकास कार्यों का लिया जायजा; बोले- ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
Patna News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को दुल्हिन बाजार प्रखंड स्थित ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर पहुंचकर भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर विकास कार्यों की जानकारी ली।

मंदिर दर्शन के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि उलार्क धाम बिहार की महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों में से एक है। इसके संरक्षण और विकास के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि उलार सूर्य मंदिर को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए करीब 14.99 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई थी। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर, कंपाउंड वॉल, पोखरा, नाला निर्माण, गेस्ट हाउस, मंडप और पार्क जैसी सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है।

मंदिर के पुजारी अवध बिहारी दास ने बताया कि विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और अगले एक वर्ष के भीतर अधिकांश परियोजनाएं पूरी होने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:55 बजे मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। लगभग सात मिनट तक मंदिर परिसर में रहने के बाद उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी ली और फिर अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर के विकास से न केवल धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।