Newshaat_Logo

नीतीश कुमार के बेटे निशांत की सियासत में धमाकेदार एंट्री! गांधी मैदान में लेंगे मंत्री पद की शपथ

 
नीतीश कुमार के बेटे निशांत की सियासत में धमाकेदार एंट्री! गांधी मैदान में लेंगे मंत्री पद की शपथ
Bihar News: बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा सियासी मोड़ देखने को मिल सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे, जिनका भी निशांत ने आशीर्वाद लिया।

यह तस्वीर सामने आते ही बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार को सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

अब तक सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन से दूरी बनाए रखने वाले निशांत कुमार की यह एंट्री जदयू की नई राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखी जा रही है। वे नीतीश कुमार और मंजू सिन्हा के इकलौते पुत्र हैं। शुरुआती पढ़ाई पटना में करने के बाद उन्होंने Birla Institute of Technology Mesra से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। लंबे समय तक निजी जीवन में रहने वाले निशांत पिछले कुछ वर्षों में धीरे-धीरे सार्वजनिक कार्यक्रमों और पार्टी गतिविधियों में सक्रिय नजर आने लगे थे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की औपचारिक राजनीतिक एंट्री के जरिए जदयू युवा नेतृत्व और भविष्य की राजनीति को नया चेहरा देने की कोशिश कर रही है। इसे पार्टी में नई पीढ़ी के नेतृत्व परिवर्तन की शुरुआत भी माना जा रहा है।

उधर NDA सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी हलचल तेज है। सूत्रों के अनुसार भाजपा, जेडीयू, एलजेपी(आर), HAM और RLM कोटे से कुल 31 नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। भाजपा से राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल और श्रेयसी सिंह जैसे नाम चर्चा में हैं।

वहीं जेडीयू कोटे से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल और अशोक चौधरी के नाम प्रमुख बताए जा रहे हैं। HAM से संतोष कुमार  सुमन, जबकि RLM से दीपक प्रकाश के मंत्री बनने की चर्चा है।

अब सबकी निगाहें गांधी मैदान में होने वाले उस मेगा शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां बिहार की नई सत्ता संरचना और भविष्य की राजनीति की तस्वीर साफ हो सकती है।