Newshaat_Logo

चुनावी साल में नीतीश का बड़ा दांव! हफ्ते में दूसरी कैबिनेट बैठक, बड़े फैसलों की अटकलें

 
चुनावी साल में नीतीश का बड़ा दांव! हफ्ते में दूसरी कैबिनेट बैठक, बड़े फैसलों की अटकलें

Patna: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अचानक कैबिनेट की बैठक बुलाकर सियासी हलचल तेज कर दी है। खास बात यह है कि इस हफ्ते यह दूसरी कैबिनेट मीटिंग होगी। सामान्यत: हर मंगलवार को कैबिनेट बैठक होती है, लेकिन 26 अगस्त की मीटिंग के दो दिन बाद ही एक और बैठक बुलाई गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार कुछ अहम और चौंकाने वाले फैसले लेने वाली है।

बैठक सुबह 10:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट हाल में होगी। यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि चुनावी साल में नीतीश सरकार लगातार जनता को राहत देने और नए पैकेज की घोषणा कर रही है।

रोजगार और महिलाओं पर फोकस

26 अगस्त को हुई पिछली बैठक में रोजगार और निवेश से जुड़े कई फैसले लिए गए थे। सरकार ने 1000 करोड़ रुपये का निवेश करने वाले उद्योगपतियों को 25 एकड़ मुफ्त जमीन और 100 करोड़ रुपये निवेश कर 1000 लोगों को नौकरी देने वालों को 10 एकड़ जमीन देने का निर्णय लिया था। साथ ही, पटना और गया से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि की मंजूरी दी गई थी।

पिछले दो महीनों में नीतीश कैबिनेट 15 से ज्यादा बड़े ऐलान कर चुकी है— जिनमें 125 यूनिट फ्री बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 करना, रसोइयों और किसानों का मानदेय बढ़ाना, जेपी सेनानी व कलाकारों को पेंशन, युवा आयोग का गठन और रोजगार पैकेज जैसी घोषणाएं शामिल हैं।

क्या होगा नया ऐलान?

नीतीश कुमार हाल ही में एक करोड़ रोजगार देने और 94 लाख गरीब परिवारों को दो-दो लाख रुपये देने का वादा कर चुके हैं। ऐसे में आज की बैठक में नौकरी और आधी आबादी यानी महिलाओं से जुड़ी नई योजनाओं पर बड़ा ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।

लगातार हो रही इन बैठकों से साफ है कि नीतीश कुमार चुनाव से पहले हर तबके को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें 29 अगस्त की कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री इस बार क्या नया ‘चुनावी मास्टरस्ट्रोक’ खेलते हैं।