Movie prime

बिहार में बर्ड फ्लू का खतरा नहीं: कोलकाता लैब रिपोर्ट से दूर हुआ डर, कौवों की मौत संक्रामक बीमारी से नहीं

 
बिहार में बर्ड फ्लू का खतरा नहीं: कोलकाता लैब रिपोर्ट से दूर हुआ डर, कौवों की मौत संक्रामक बीमारी से नहीं”

Bihar news: बिहार में बर्ड फ्लू को लेकर फैल रही आशंका पर अब राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में कुछ जगहों पर कौवों की अचानक मौत के बाद जो डर बना था, वह अब खत्म हो गया है। कोलकाता की जांच रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि इन मौतों का कारण कोई संक्रामक बीमारी या बर्ड फ्लू नहीं है।

बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया था। भागलपुर के नवगछिया, पटना सदर और दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में कौवों की मौत की खबर मिलने के बाद तुरंत सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजे गए थे।

जांच में क्या निकला?

राज्य पशु स्वास्थ्य संस्थान की ओर से भेजे गए नमूनों की जांच रीजनल डिजीज डायग्नोस्टिक लैब, कोलकाता में की गई। रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि मृत पक्षियों में एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू या कोई और खतरनाक संक्रामक रोग नहीं पाया गया है।

इस रिपोर्ट के बाद विभाग ने राहत की सांस ली है और आम लोगों से कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

अफवाहों से दूर रहने की अपील

विभाग ने लोगों से अपील की है कि बर्ड फ्लू को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। मृत पक्षियों को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाए और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाए।

साथ ही कहा गया है कि किसी भी जगह पक्षियों की अचानक मौत की सूचना मिले तो तुरंत नजदीकी पशु अस्पताल या जिला प्रशासन को जानकारी दें।

लगातार निगरानी जारी

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार नजर बनाए हुए हैं। फील्ड स्तर पर जांच और निगरानी का काम जारी है ताकि भविष्य में किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।

हालांकि, राहत की बात यह है कि बिहार में बर्ड फ्लू का कोई खतरा नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।