Newshaat_Logo

अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं करने वाले 46 पूजा पंडालों को नोटिस

दुर्गापूजा के दौरान अगलगी की घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने पूरी तैयारी की है। 
 
पंडाल

दुर्गापूजा के दौरान अगलगी की घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने पूरी तैयारी की है। विभाग ने 1173 पूजा पंडालों की जांच की, जिनमें अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले 46 पंडालों को नोटिस जारी किया गया है। इन 46 पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है

दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और अगलगी की आशंका को देखते हुए जिले में 80 संवेदनशील पूजा पंडालों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए 54 अग्निशमन वाहनों को तैयार रखा गया है। इसके अलावा करीब 30 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और 200 से अधिक अतिरिक्त अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है। विभाग ने दावा किया है कि घटना की सूचना मिलते ही कम से कम समय में राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा

अग्निशमन विभाग पूजा समितियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में भागीदार बना रहा है। इसके तहत प्रत्येक पूजा पंडाल से तीन सदस्यों को आग लगने की स्थिति में शुरुआती बचाव और आग पर काबू पाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित सदस्यों को विभाग की ओर से जैकेट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले शुरुआती स्तर पर बचाव कार्य में मदद लेना है।

अग्निशमन विभाग के डीआईजी ने बताया कि करीब 1500 पूजा पंडालों का डाटा जुटाया गया है। सभी समितियों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। इनमें 1143 पंडालों की जांच की गई है। संवेदनशील स्थलों पर दमकल की उपलब्धता और कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी हालत में सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले पंडालों के खिलाफ समिति कार्रवाई करेगी