Newshaat_Logo

अब ‘फ्रेश कैच’ से दुनिया तक पहुंचेगी बिहार की मछली! पटना में खुलेंगे लाइव फिश आउटलेट, किसानों की आय को मिलेगा बूस्ट

 
अब ‘फ्रेश कैच’ से दुनिया तक पहुंचेगी बिहार की मछली! पटना में खुलेंगे लाइव फिश आउटलेट, किसानों की आय को मिलेगा बूस्ट
Bihar news: बिहार की मछलियां अब सिर्फ स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रही हैं। राज्य सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है, जिससे मछली पालक किसानों को बेहतर दाम और नए अवसर मिल सकें।

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता ने बताया कि बिहार में उत्पादित कई प्रजाति की मछलियां वैश्विक बाजार में 1500 से 1600 रुपए प्रति किलो तक बिक रही हैं। इसी को देखते हुए अब इनके निर्यात को और बढ़ाने की योजना तैयार की गई है।

पटना में खुलेंगे ‘फ्रेश कैच’ आउटलेट
राज्य में इस महीने के अंत तक पटना समेत कई नगर निगमों में ‘फ्रेश कैच’ फिश आउटलेट खोले जाएंगे। ये आउटलेट ‘सुधा’ केंद्रों की तर्ज पर होंगे, जहां लोगों को जिंदा और ताजी मछलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता मिलेगी और मछली पालकों को सीधा बाजार भी मिलेगा।

उत्पादन में तेजी, देश में चौथे स्थान पर बिहार

बिहार आज करीब 9 लाख टन मछली उत्पादन के साथ देश में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। 10 साल पहले जहां राज्य नौवें स्थान पर था, वहीं अब यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को और मजबूत कर किसानों की आय में बड़ा इजाफा करना है।

डेयरी और पशुपालन पर भी फोकस
विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने बताया कि राज्य में डेयरी और मत्स्य दोनों क्षेत्रों को एक साथ विकसित किया जा रहा है। हर गांव में डेयरी कॉपरेटिव सोसाइटी और पंचायत स्तर पर ‘सुधा’ केंद्र खोलने की योजना है। साथ ही पशुओं के नस्ल सुधार, टीकाकरण और पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रोजगार और निर्यात दोनों को मिलेगा बढ़ावा
सरकार की इस पहल से न सिर्फ मछली और दूध उत्पादन में बढ़ोतरी होगी, बल्कि ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। ‘जीविका दीदियों’ को भी इस योजना से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

बिहार अब मत्स्य और डेयरी सेक्टर में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।