Newshaat_Logo

बिहार में अब ई-कैबिनेट, शुरू हुई सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल की पेपरलेस बैठक, पटना के लिए 1,794 करोड़ मंजूर

 
सम्राट चौधरी

बिहार में कैबिनेट बैठक की पूरी कार्यप्रणाली अब डिजिटल और पेपरलेस हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में ई-कैबिनेट व्यवस्था का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। जिसमें 34 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में पटना की पेयजल व्यवस्था से लेकर ग्राम कचहरियों के बजट, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। सरकार ने पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। वहीं, ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है।

पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1794.32 करोड़ रुपये की परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इसके तहत शहर के 75 वार्डों में रहने वाले 2.18 लाख से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचाने के लिए नए जल स्रोत, जलशोधन संयंत्र, जलमीनार और पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किए जाएंगे।

ग्राम कचहरियों का बजट 6 गुना बढ़ा

राज्य की ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में भी छह गुना बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। फिलहाल प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना चार हजार रुपये मिलते हैं, जिसे एक अप्रैल 2027 से बढ़ाकर 24 हजार रुपये कर दिया जाएगा। इससे ग्राम कचहरियों को दैनिक प्रशासनिक कार्यों के संचालन में आर्थिक सहूलियत मिलेगी।

बिहार में आर्थिक सुधारों और विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार करना, विकास की दिशा में नए बदलाव लाना और लगातार ऊंची आर्थिक वृद्धि हासिल करना है। परिषद नीतिगत फैसले लेने में सरकार को सहयोग करेगी।

बिहार की सकारात्मक छवि, सांस्कृतिक विरासत, विकासात्मक उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए बिहार फाउंडेशन के माध्यम से 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही उद्योग विभाग फरवरी 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन करेगा।

11 डॉक्टरों की सेवा से बर्खास्तगी

स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैंगल्स रोड पर स्थित भूखंड को आइकॉनिक ट्रेड सेंटर और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए एनबीसीसी का चयन नामांकन के आधार पर किया गया है।

झंझारपुर पथ प्रमंडल के अंतर्गत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सोन नदी के पानी से औरंगाबाद, डिहरी और सासाराम की करीब आठ लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना की लागत बढ़ा दी गई है। वर्ष 2051 तक इन शहरों की आबादी 12 लाख होने का अनुमान है। योजना की लागत पहले 1347.32 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 2014.65 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसका काम चार मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।