Newshaat_Logo

अब बुजुर्गों के घर पहुंचेगा राशन! मंत्री बनते ही अशोक चौधरी का बड़ा ऐलान

 
अब बुजुर्गों के घर पहुंचेगा राशन! मंत्री बनते ही अशोक चौधरी का बड़ा ऐलान
Bihar News: बिहार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की कमान संभालते ही मंत्री अशोक चौधरी ने बड़ा संकेत दिया है। शुक्रवार को विभाग में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बुजुर्गों के लिए घर-घर राशन पहुंचाने की योजना पर काम शुरू करने की घोषणा की। मंत्री के इस बयान के बाद राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

विभाग पहुंचने पर सचिव अभय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सीधे तौर पर करोड़ों लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है और सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि बिहार में राशन कार्ड लाभार्थियों की संख्या 8 करोड़ से अधिक है। ऐसे में सरकार अब विशेष रूप से बुजुर्ग लाभार्थियों के लिए नई व्यवस्था पर विचार कर रही है, ताकि उन्हें घर बैठे राशन उपलब्ध कराया जा सके। मंत्री ने साफ कहा कि आने वाले दिनों में विभाग जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले लेगा।

“हर जरूरतमंद तक पहुंचे योजना का लाभ”

मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश होगी कि राज्य के हर पात्र परिवार तक राशन कार्ड और खाद्यान्न का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को व्यवस्था और वितरण प्रणाली को और प्रभावी बनाने के संकेत दिए।

इस दौरान विभाग के विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार, संयुक्त सचिव रविंद्र कुमार और विशेष कार्य पदाधिकारी सृष्टि प्रिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को विभाग की योजनाओं और मौजूदा कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी।

बुजुर्गों के लिए राहत की उम्मीद

यदि सरकार की यह योजना जमीन पर उतरती है, तो लाखों बुजुर्गों और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले वृद्ध लाभार्थियों के लिए घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था एक बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।