अब हेलीकॉप्टर से देखिए पटना का नजारा, हेली जॉय राइड का आज आगाज, पहले ही वीकेंड की बुकिंग हाउसफुल
Patna: बिहार की राजधानी पटना के लोगों और पर्यटकों को अब शहर को आसमान से निहारने का अनोखा अनुभव मिलने जा रहा है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'हेली जॉय राइड' सेवा का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस पहल का उद्देश्य बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को राजधानी का हवाई नजारा दिखाना है.
![]()
हेली जॉय राइड के प्रति लोगों का उत्साह इतना अधिक है कि पहले ही वीकेंड की सभी सीटें पहले से बुक हो चुकी हैं. ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोगों ने टिकट आरक्षित करा लिए, जिससे शुरुआती स्लॉट पूरी तरह भर गए. इस सेवा के तहत हेलीकॉप्टर से यात्रियों को पटना शहर के प्रमुख स्थलों का एरियल व्यू देखने का अवसर मिलेगा. उड़ान के दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, गांधी मैदान, बिहार विधानसभा, गोलघर, पटना साहिब और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों का विहंगम दृश्य देखने को मिलेगा.
आज से "मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026" की शुरुआत हो रही है. आज दोपहर 3 बजे स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे. पहले दिन पटना जॉय राइड का 20 लोग आनंद लेंगे. वहीं, अबतक लगभग 80 पर्यटकों ने एयर राइड के लिए सीटें बुक करा ली है. फिलहाल ये सेवा लोगों को वीकेंड पर मिलेगी. वहीं राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के हेलीकॉप्टर राइड के लिए फिलहाल बुकिंग नहीं हुई है. 13 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका शुभारंभ किया था.

पटना में हेलीकॉप्टर से मिलेगा 10 मिनट का जॉय राइड
राजधानी के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर से जॉय राइड की विशेष सुविधा शुरू की गई है. 2100 रुपए में 10 मिनट की हवाई यात्रा में पर्यटक गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्तश्री हरिमंदिर साहिब समेत शहर के सभी प्रमुख स्थलों को ऊपर से देख सकेंगे.
पटना एयरपोर्ट से हर शनिवार और रविवार को जॉय राइड होगी. दोपहर 3 बजे के बाद उड़ान शुरू होगी, प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी. हर 30 मिनट के अंतराल पर फिलहाल चार राइड होगी. इस हेलीकॉप्टर पर अधिकतम पांच लोग एक बार में बैठ सकेंगे.

पटना से तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया
पटना से तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया है. इनमें पश्चिम चंपारण का वाल्मीकिनगर, नालंदा का राजगीर और कैमूर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी मंदिर शामिल हैं. इस योजना के अंतर्गत वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय वायुयान, वहीं कैमूर और राजगीर के लिए 6+2 सीटर श्रेणी के किराये के हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा. हर फेरी में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित की जा सकेंगी.
पटना से वाल्मीकिनगर की उड़ान का समय
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी. वाल्मीकिनगर तक पर्यटक छोटे विमान से जा सकेंगे. इसमें 20 लोग बैठ सकेंगे. पहली उड़ान सुबह 10:00 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगा. वहीं, दूसरी उड़ान दोपहर 3:00 बजे पटना से प्रस्थान और 4:30 बजे वाल्मीकिनगर से वापसी होगी. एक तरफ का किराया 5 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है. इस मार्ग पर प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की क्षमता निर्धारित है.
राजगीर और मां मुंडेश्वरी के लिए उड़ान का समय
पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी. राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर सुबह 9:30 बजे पटना एयरपोर्ट से उड़ेगा और वापसी सुबह 10:30 बजे होगी. कैमूर के लिए सुबह 11 बजे सेवा शुरू होगी और वापसी 12:45 बजे होगी. राजगीर के लिए प्रति व्यक्ति 4 हजार और कैमूर का 6 हजार रुपये किराया होगा. प्रति व्यक्ति 4 से 5 किलो का सामान ले जा सकेंगे. इन दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है.
फ्री में मिलेगी टूरिस्ट गाइड की सुविधा
पटना एयरपोर्ट के पास से इसका परिचालन किया जाएगा. यह सुविधा फिलहाल सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को मिलेगी. विभाग केवल हवाई टिकट शुल्क लेगा. इसके अलावा टूरिस्ट गाइड की सुविधा फ्री में दी जाएगी. पर्यटन स्थलों पर ठहरने, खाने-पीने, घूमने आदि की व्यवस्था स्वयं करनी होगी. सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी.
क्या है मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना
इस योजना का मुख्य उद्देश्य बिहार में उच्च स्तरीय धार्मिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना है. इसके साथ ही वाल्मीकिनगर, कैमूर और राजगीर क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना, पर्यटन राजस्व में वृद्धि करना और बिहार को हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है.







