अब नहीं चलेगी ऑटो की मनमानी! यात्रियों को राहत, ऑटो चालकों की मनमानी खत्म! पटना में लागू हुआ नया ऑनलाइन परमिट और रूट सिस्टम
Patna: अब ऑटो-रिक्शा वालों की पुरानी मनमानी रूट चलाने वाली व्यवस्था खत्म कर दी गई है और एक नया, पारदर्शी ऑन-लाइन परमिट व रूट सिस्टम लागू किया जा रहा है. अब ऑटो और ई-रिक्शा का परमिट ऑनलाइन जारी किया जाएगा. इसके लिए मई के अंत तक पोर्टल लॉन्च होने की तैयारी है, जबकि आवेदन कब से शुरु होगी इसका निर्णय अगले माह लिया जाएगा.
परमिट जारी होने के बाद तय रूट पर ही वाहन चलेंगे. परिवहन विभाग के अनुसार, आवेदन के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया जाएगा. “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर करीब 24 हजार से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा को परमिट जारी किए जाएंगे। पहले से संचालित करीब 8 हजार पुराने परमिट धारकों को प्राथमिकता दी जाएगी.
नई व्यवस्था के तहत ऑटो चालकों को आवेदन के दौरान ही अपना मार्ग चुनना होगा. परमिट मिलने के बाद उन्हें उसी तय मार्ग पर वाहन चलाने की अनुमति होगी. यदि किसी एक मार्ग के लिए निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन आते हैं, तो अतिरिक्त आवेदकों को अन्य मार्ग का परमिट दिया जाएगा. शहर को अलग-अलग जोन और मार्गों में बांटकर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा. इससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी.
करीब 4000 ऑटो को विशेष श्रेणी में रखा जाएगा, जिन्हें सभी मार्गों पर चलने की अनुमति होगी। ये वाहन आपातकालीन और जरूरी सेवाओं के लिए उपयोग किए जाएंगे, ताकि लोगों को अस्पताल, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिल सके। प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी
अब क्या बदल रहा है?
ऑटो-रिक्शा के लिए अब रूट मनमर्जी से नहीं चलेंगे.
पटना परिवहन विभाग ने शहर में ऑटो-रिक्शा सेवाओं को नियमित करने के लिए नया परमिट सिस्टम लागू किया है. इससे पहले 2014 में नए परमिट रोक दिए गए थे, लेकिन अब पुनः परमिट जारी किए जाएंगे.शहर को अलग-अलग ज़ोन/रूट में बांटा जाएगा और हर ऑटो-रिक्शा को ऑनलाइन परमिट व QR कोड मिलेगा. यह सिस्टम मनमानी रूट चलाने, अन्य जिलों के बिना अनुमति वाले वाहन चलने और अनियमित संचालन को रोकने के लिए लाया गया है.







