अब नहीं छूटेगा राशन का लाभ, 5 अगस्त तक नया राशन कार्ड बनवाएं और परिवार के सदस्यों का नाम जुड़वाएं
Bihar Ration Card 2026: बिहार सरकार ने राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों और जिन परिवारों के सदस्यों का नाम अब तक राशन कार्ड में नहीं जुड़ पाया है, उन्हें बड़ी राहत दी है. राज्य में 5 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नया राशन कार्ड बनवाने और छूटे हुए सदस्यों का नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है. सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र परिवारों के राशन कार्ड 15 अगस्त से पहले जारी कर दिए जाएं.

बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल पर जरूरी जानकारी दर्ज करें या अनुमंडल, अंचल एवं प्रखंड स्थित काउंटरों पर आवेदन जमा करें. अब तक 6,186 आवेदन जमा हो चुके हैं. 15 अगस्त से पहले सभी पात्र परिवार का राशन कार्ड बन जाएगा। कार्ड में नया नाम भी जुड़ जाएगा.
पटना सिटी अनुमंडल में बनेंगे 16 हजार राशन कार्ड
यह जानकारी अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय ने दी। उन्होंने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र से लगभग सोलह हजार पात्र परिवार का राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य तय कर पूरी टीम काम में जुटी है.
एसडीओ ने कहा कि वार्ड पार्षदों एवं जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राशन कार्ड के लिए आवेदन भरने और जमा करने में पात्र परिवार का सहयोग करने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि मार्केटिंग आफिसर एवं विकास मित्र भी इस काम में लगाए गए हैं. एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि आवेदन के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड के साथ आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस अभियान का लाभ उन पात्र परिवारों को मिलेगा:
- जिनके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है.
- जिनके परिवार के किसी सदस्य का नाम राशन कार्ड में छूट गया है.
- श्रमिक, रेहड़ी-पटरी (वेंडर) चलाने वाले, स्लम बस्तियों में रहने वाले और अन्य पात्र जरूरतमंद परिवार.
आवेदन कैसे करें?
आवेदक दो तरीकों से आवेदन कर सकते हैं:
- ऑनलाइन: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के RCMS पोर्टल के माध्यम से.
- ऑफलाइन: अनुमंडल (SDO), प्रखंड (BDO), अंचल कार्यालय और विशेष शिविरों में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं. 26 जुलाई से 5 अगस्त तक कई जिलों में घर-घर जाकर भी आवेदन लिए जाएंगे.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड
- आय प्रमाण पत्र
- आवासीय प्रमाण पत्र
- बैंक पासबुक की प्रति
- परिवार की संयुक्त फोटो
- छोटे बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र (जहां आवश्यक हो)
किन लोगों को नहीं मिलेगा नया राशन कार्ड?
सरकार के अनुसार निम्न श्रेणी के लोग नए राशन कार्ड के पात्र नहीं हैं:
- सरकारी कर्मचारी
- आयकर या प्रोफेशनल टैक्स देने वाले
- तीन कमरों या उससे बड़े पक्के मकान के मालिक
- चार पहिया वाहन के मालिक
- जिनकी वार्षिक आय ₹2.40 लाख से अधिक है
प्रशासन की अपील
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पात्र परिवारों से 5 अगस्त से पहले आवेदन करने की अपील की है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि अपात्र लोग यदि गलत तरीके से राशन कार्ड का लाभ लेते पाए गए, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.







