Movie prime

अब ‘जीरो’ आएगा बिजली बिल! गया में 25 फरवरी को ‘सोलर समागम’, मुफ्त बिजली योजना पर मिलेगा पूरा रोडमैप

 
अब ‘जीरो’ आएगा बिजली बिल! गया में 25 फरवरी को ‘सोलर समागम’, मुफ्त बिजली योजना पर मिलेगा पूरा रोडमैप
Bihar news: बिजली बिल से राहत की राह अब आसान होने जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत गया में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर, सब्सिडी, स्मार्ट मीटर और बैंक लोन से जुड़ी हर जरूरी जानकारी एक ही मंच पर मिलेगी।

यह ‘सोलर समागम’ 25 फरवरी 2026 को सुबह 9:30 बजे गया शहर के हरिदास सेमिनरी प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक घरों में सोलर पैनल लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

सब्सिडी से लेकर लोन तक—हर सवाल का जवाब

विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. विनोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में सोलर ऊर्जा से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। साथ ही यह भी समझाया जाएगा कि कैसे सरकारी सब्सिडी का लाभ लेकर छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल को शून्य या बेहद कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिले के सभी अधिकृत सोलर वेंडर, बैंकों के प्रतिनिधि और South Bihar Power Distribution Company Limited के मुख्यालय स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उपभोक्ताओं को मौके पर ही वेंडर से संपर्क, लोन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

‘जीरो बिल’ वालों को मिलेगा सम्मान

इस सोलर समागम की खास बात यह है कि गया जिले के वे उपभोक्ता, जिनका बिजली बिल सोलर ऊर्जा अपनाने के बाद शून्य या बेहद कम हो गया है, उन्हें मंच पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

इससे अन्य उपभोक्ताओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता घटाकर स्वच्छ और किफायती ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाएं।

जिले के सभी उपभोक्ताओं को आमंत्रण

गया जिले के सभी इच्छुक बिजली उपभोक्ताओं को कार्यक्रम में भाग लेने का आमंत्रण दिया गया है। विभाग का लक्ष्य है कि सोलर ऊर्जा अपनाने में आने वाली प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय बाधाओं को दूर कर प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए।

अगर आप भी चाहते हैं कि आपका बिजली बिल ‘जीरो’ आए, तो 25 फरवरी को इस कार्यक्रम में पहुंचकर पूरी जानकारी लें और सौर ऊर्जा की दिशा में पहला कदम बढ़ाएं।