एनटीपीसी बाढ़ ने रचा इतिहास! 17,574 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ बना देश का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन
Bihar news: NTPC Limited की NTPC बाढ़ पॉवर स्टेशन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति और भी सशक्त कर ली है। परियोजना ने रिकॉर्ड 17,574 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसके साथ यह एनटीपीसी का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन बन गया है।
सोमवार को परियोजना परिसर में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख सी. सत्य रामकृष्ण ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ परियोजना की कुल स्थापित क्षमता 3300 मेगावाट (5×660 मेगावाट) है, जो इसे देश के प्रमुख ताप विद्युत केंद्रों में शामिल करती है।
उन्होंने बताया कि स्टेज-I की यूनिट-3 के वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के बाद उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में हासिल किया गया 17,574 मिलियन यूनिट उत्पादन अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है, जिसे परियोजना के इतिहास में मील का पत्थर माना जा रहा है।
एक के बाद एक रिकॉर्ड, बढ़ी परियोजना की चमक
एनटीपीसी बाढ़ ने उत्पादन के क्षेत्र में कई नए कीर्तिमान भी स्थापित किए हैं। 30 दिसंबर 2025 को एक ही दिन में 75.38 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक दैनिक उत्पादन है। वहीं 95.18 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) ने परियोजना की तकनीकी दक्षता और बेहतर संचालन क्षमता को साबित किया है।
इसके अलावा मार्च 2026 में 2,045 मिलियन यूनिट का रिकॉर्ड मासिक उत्पादन दर्ज किया गया, जो पावर स्टेशन की निरंतर कार्यक्षमता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
हरित ऊर्जा की ओर मजबूत कदम
परियोजना केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। परिसर में 3,150 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें से 2,450 किलोवाट का कार्य पूरा हो चुका है।
इसके साथ ही 400 MWh क्षमता वाली बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। यह परियोजना भविष्य में ऊर्जा भंडारण और ग्रिड स्थिरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी
कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत एनटीपीसी द्वारा आसपास के क्षेत्रों में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें बालिका सशक्तिकरण अभियान, उत्कर्ष मेरिट छात्रवृत्ति योजना और मोबाइल मेडिकल वैन जैसी पहल शामिल हैं, जो स्थानीय समुदाय के विकास और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
मीडिया संवाद के दौरान परियोजना की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई। एनटीपीसी प्रबंधन ने मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सकारात्मक भूमिका परियोजना की पारदर्शिता और प्रगति को जन-जन तक पहुंचाने में अहम योगदान देती है।







