स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को मिलेगा बड़ा तोहफा, ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत बांटे जाएंगे बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र
Bihar news: बिहार में भूमिहीन परिवारों को उनका अपना आशियाना बसाने के लिए जमीन का अधिकार देने की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत राज्य के 30 हजार पात्र भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए 15 अगस्त को सभी जिलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय सचिव जय सिंह ने अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्यक्रम की निगरानी और लाभुकों तक प्रमाण-पत्र पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
झंडोत्तोलन के बाद लगेगा विशेष शिविर
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि 15 अगस्त को जिलों में होने वाले सरकारी झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन्हीं शिविरों में चयनित भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र सौंपे जाएंगे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
पहले से तैयार किए जा रहे प्रमाण-पत्र
विभाग के मुताबिक, चयनित लाभुकों के डिजिटल हस्ताक्षरित बंदोबस्ती प्रमाण-पत्रों को अपलोड और सत्यापित करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रमाण-पत्रों की प्रिंटिंग कर उन्हें वितरण के लिए तैयार रखा जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम खुद संभालेंगे निगरानी
सरकार ने जिला प्रशासन को कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी दी है। जिलाधिकारियों को व्यक्तिगत स्तर पर तैयारियों की निगरानी करने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। लाभुक परिवारों को शिविर स्थल तक लाने और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने की जिम्मेदारी भी जिला प्रशासन की होगी। कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ा कदम
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार आवास के लिए जरूरी जमीन से वंचित न रहे। 15 अगस्त को 30 हजार परिवारों को भूमि का अधिकार मिलना उनके लिए स्वतंत्रता दिवस का खास तोहफा होगा। સરકાર का दावा है कि अभियान बसेरा-02 के जरिए भूमिहीन परिवारों को सम्मानजनक जीवन और स्थायी भविष्य की दिशा में मजबूत आधार देने का प्रयास किया जा रहा है।







