Newshaat_Logo

विधायकों की शिकायत पर एक्शन मोड में विधानसभा अध्यक्ष, विशेषाधिकार हनन मामले में अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट

 
विधायकों की शिकायत पर एक्शन मोड में विधानसभा अध्यक्ष, विशेषाधिकार हनन मामले में अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जनप्रतिनिधियों के विशेषाधिकार हनन से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और विभागीय पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में मोहनियां की विधायक संगीता कुमारी और चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन द्वारा नगर निकाय के अधिकारियों के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आरोपित अधिकारियों का पक्ष सुना गया और नगर विकास विभाग की ओर से प्रस्तुत मंतव्य की भी समीक्षा की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करने का निर्देश दिया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं के प्रतिनिधि होते हैं। ऐसे में अधिकारियों का उनके प्रति सहयोगात्मक, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुशासन की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायिका और कार्यपालिका के बीच बेहतर समन्वय ही प्रभावी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की कुंजी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जवाबदेही और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, अपर सचिव मनोज कुमार, संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी तथा विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अब जिलाधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।