संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस पर बोले डॉ. प्रेम कुमार, कहा- लोक सेवकों का समर्पण ही सुशासन और विकास की आधारशिला
Bihar News: संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोक सेवा समर्पण, निष्ठा और जनकल्याण की भावना का सर्वोत्तम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोक सेवकों की प्रतिबद्धता ही सतत विकास, सामाजिक समावेशन और शांति की मजबूत नींव तैयार करती है।
रविवार को जारी अपने संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि एक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी सार्वजनिक प्रशासन किसी भी देश की प्रगति और नागरिकों के कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोक सेवक समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और उनके अथक प्रयासों से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस दुनिया भर के उन लाखों लोक सेवकों के समर्पण, सेवाभाव और रचनात्मक योगदान को सम्मान देने का अवसर है, जो समाज के व्यापक हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह दिवस युवाओं को सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित करता है।
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 के संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस की थीम “संस्थानों का रूपांतरण: नवाचार, सहभागिता और समावेशन को बढ़ावा देना” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में प्रशासनिक संस्थाओं को अधिक आधुनिक, सहभागी और समावेशी बनाना आवश्यक है, ताकि आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और लोक सेवा के क्षेत्र में आगे आकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।







