विश्व शरणार्थी दिवस पर बोले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार: मानवता, करुणा और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लें
Bihar news: विश्व शरणार्थी दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दुनिया भर में विस्थापन और संघर्ष का सामना कर रहे लाखों शरणार्थियों के साहस, धैर्य और संघर्ष को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस मानवता, संवेदनशीलता और वैश्विक जिम्मेदारी के प्रति हमारे दायित्वों की याद दिलाता है।
डॉ. प्रेम कुमार ने अपने संदेश में कहा कि हिंसा, उत्पीड़न, युद्ध और विभिन्न प्रकार के संघर्षों के कारण अपना घर-परिवार और देश छोड़ने को मजबूर हुए लोगों के प्रति सहानुभूति और सम्मान प्रकट करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा समर्पित यह दिवस शरणार्थियों के अधिकारों की रक्षा और उनके प्रति वैश्विक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने भारत की सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने सदैव ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को आत्मसात किया है। भारत की सभ्यता और संस्कृति ने संकट के समय मानवता को आश्रय देने और जरूरतमंदों के प्रति करुणा दिखाने की गौरवशाली परंपरा कायम रखी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विश्व शरणार्थी दिवस हमें ऐसे समाज और विश्व के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है, जहां किसी भी व्यक्ति को भय, हिंसा या असुरक्षा के कारण अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े। प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने लोगों से मानवाधिकारों, शांति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि एक न्यायपूर्ण और सुरक्षित विश्व का निर्माण ही शरणार्थियों के प्रति सच्ची संवेदना और सम्मान का प्रतीक होगा।







