"डेड सोच वाले ही भारत को 'डेड इकोनॉमी' कह सकते हैं"- बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा का राहुल गांधी पर हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने राहुल गांधी को जमकर घेरा और तीखा जवाब देते हुए कहा कि "भारत को ‘डेड इकोनॉमी’ कहने वालों पर तालियां बजाना, राहुल गांधी की ‘डेड सोच’ को दिखाता है, भारत की असली तस्वीर नहीं।"
"भारत का अपमान करना राहुल गांधी की आदत बन गई है"
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि जब भारत लगातार तरक्की कर रहा है, तब ऐसे समय में विदेशी मंचों पर देश को नीचा दिखाना न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि शर्मनाक भी है।
"राहुल गांधी को लगता है कि विदेशी नेताओं से भारत के खिलाफ बयान सुनकर ताली बजाना कोई उपलब्धि है? यह वही सोच है जो हमेशा देश की छवि को ठेस पहुँचाती रही है," उन्होंने कहा।
"आज का भारत आत्मनिर्भर और मजबूत है"
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी को याद दिलाया कि आज का भारत वो नहीं है जो 1990 में था। "आज हम दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में हैं। मोदी सरकार की नीतियों ने भारत को मजबूत बनाया है। देश में रिकॉर्ड स्तर पर विदेशी निवेश हो रहा है, इंफ्रास्ट्रक्चर तेज़ी से बढ़ रहा है और स्टार्टअप्स की बाढ़ आई है। फिर भी राहुल गांधी ‘डेड’ की रट लगाकर अपनी हताशा और अपरिपक्वता दिखा रहे हैं," ऋतुराज ने कहा।
"क्या कांग्रेस अब भी भारत के साथ है?"
ऋतुराज सिन्हा ने कांग्रेस से सीधा सवाल किया –
"क्या राहुल गांधी और उनकी पार्टी अमेरिका की गलत नीतियों के खिलाफ भारत के 140 करोड़ लोगों के साथ खड़ी होगी? या हमेशा की तरह विदेशी नेताओं के सुर में सुर मिलाकर भारत का अपमान करती रहेगी?"
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सब देख और समझ रही है कौन देश को बदनाम कर रहा है, और कौन दुनिया में उसका सम्मान बढ़ा रहा है।
"भारत विरोध अब कांग्रेस की नई पहचान?"
ऋतुराज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि
"आज कांग्रेस का नेतृत्व उसी बात पर खुशी मना रहा है जो भारत के खिलाफ जाती है। क्या ये वही पार्टी है जो कभी 'भारत माता की जय' को गर्व से कहती थी? अब राहुल गांधी की राजनीति सिर्फ भारत विरोध के इर्द-गिर्द घूमती दिख रही है।"







