गोपालगंज में सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, 2 की मौत, 17 लोग झुलसे; शिक्षा मंत्री बोले- होगी उच्चस्तरीय जांच
बिहार के गोपालगंज जिले में गैस लीक कांड में 2 बच्चों की मौत हो गई है। इस हादसे में 17 लोग झुलसे हुए हैं। कुंठपुर थाने के सफियाबाद गांव में मंगलवार देर शाम रसोई गैस के रिसाव से यह आग लगी थी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार गांव के सिंहासन मांझी के घर की महिला रसोई गैस का नया भरा हुआ सिलेंडर में रेगुलेटर लगा रही थी। इस दौरान गैस रिसाव होने और दीये से निकली चिंगारी से आग लग गई। इस अगलगी में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। इससे पहले इस हादसे में 22 लोगों के झुलसने की भी सूचना आई थी।
कुंठपुर थाने के सफियाबाद गांव में मंगलवार देर शाम रसोई गैस के रिसाव के कारण आग लगने से अफरातफरी मच गई। सिंहासन मांझी के घर में खाना बनाने से पहले ही आग की लपटें दूर-दूर तक फैल गईं। महिलाएं बच्चों को घर से बाहर निकालने की कोशिश करतीं, इससे पहले ही आग ने घर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग में झुलसने के बाद बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बचाव के लिए दौड़े। आग बुझाने और परिवार के सदस्यों को बचाने के दौरान कई ग्रामीण भी झुलस गए। हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। आग से झुलसे लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला एक्टिव हो गया। इसके बाद स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सदर अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने इस विकट परिस्थिति में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मीडिया और अधिकारियों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि इस पूरे मामले की गंभीरता से उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी।







