बाढ़ राहत को लेकर पप्पू यादव का तेजस्वी-चिराग पर हमला, बोले- जनता को अनाज चाहिए, मूर्तियां नहीं
Bihar news: बिहार में बाढ़ और राहत व्यवस्था को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राज्य के नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आपदा के बीच गरीब परिवार भोजन और जरूरी मदद के लिए परेशान हैं, लेकिन नेताओं का ध्यान जमीनी राहत के बजाय राजनीति और दिखावे पर ज्यादा है।
तेजस्वी के क्षेत्र दौरे पर साधा निशाना
पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि आपदा के करीब छह दिन बाद तेजस्वी अपने क्षेत्र में पहुंचे और वहां सीमित समय बिताया।
सांसद ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित यादव, दलित, निषाद, गंगोता और पासवान समाज के लोगों को इस समय सबसे ज्यादा जरूरत भोजन, राहत सामग्री और सुरक्षित आश्रय की है। ऐसे में मूर्तियां लगाने की बातें करने से पहले लोगों की तत्काल जरूरतों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर मूर्तियां ही लगानी हैं तो वह खुद भी लगा सकते हैं, लेकिन इस वक्त बाढ़ पीड़ितों को पेट भरने के लिए अनाज और सिर छिपाने के लिए छत चाहिए।
प्रशांत किशोर पर भी बरसे पप्पू यादव
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर भी पप्पू यादव ने हमला बोला। उन्होंने उन्हें लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि बिहार की राजनीति में धनबल और प्रभाव के जरिए चुनावी समीकरण तैयार करने की कोशिश हो रही है।
पप्पू यादव ने दावा किया कि शिक्षकों और मुखियाओं को प्रभावित करने के लिए संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि बाढ़ से जूझ रही राघोपुर की गरीब जनता की परेशानियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
1990 से अब तक के जल संसाधन मंत्रियों की जांच की मांग
बाढ़ और जलजमाव को लेकर पप्पू यादव ने अब कानूनी लड़ाई लड़ने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 से अब तक बिहार के जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले मंत्रियों के कार्यकाल और कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर वह सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।
उनका सवाल है कि हर साल बाढ़ से बिहार के बड़े हिस्से को नुकसान होता है और सरकारी खजाने से लगातार राशि खर्च की जाती है, फिर भी समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं निकल पाया।
बोले- जनता के हक के लिए सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में सत्ता और विपक्ष दोनों पर जनता के बुनियादी मुद्दों से दूर होने का आरोप लगाया। उन्होंने राघोपुर में राहत व्यवस्था को इसका उदाहरण बताया।
सांसद ने कहा कि राहत सामग्री के वितरण, प्रशासनिक व्यवस्था और जल संसाधन विभाग से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर देश की सर्वोच्च अदालत तक जारी रहेगी।







