Newshaat_Logo

कुरसेला की अग्निकांड त्रासदी के बीच पप्पू यादव पहुंचे मौके पर, पीड़ित दुकानदारों को बांटी आर्थिक मदद

• स्टेट हाट में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान
• सांसद ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास की मांग की
 
कुरसेला की अग्निकांड त्रासदी के बीच पप्पू यादव पहुंचे मौके पर, पीड़ित दुकानदारों को बांटी आर्थिक मदद
Bihar news: कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र स्थित शहीद चौक के पास कुरसेला स्टेट हाट में रविवार को लगी भीषण आग के बाद तबाही का मंजर अब भी लोगों की आंखों में ताजा है। टीन और फूस से बनी कई झोंपड़ीनुमा दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे दर्जनों दुकानदारों की आजीविका पर गहरा संकट आ गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बुधवार को कुरसेला पहुंचे। उन्होंने अग्निपीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अपने स्तर से आर्थिक सहायता प्रदान की। सांसद ने कहा कि जिन परिवारों की दुकानें जली हैं, उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं।

सांसद ने जिला प्रशासन से समन्वय कर शीघ्र नुकसान का आकलन करने और प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा, राहत सामग्री तथा पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर संभव सरकारी सहायता दिलाने के लिए वे लगातार प्रयास करेंगे।

स्थानीय लोगों ने सांसद के दौरे और तत्काल मदद को राहतभरा कदम बताया। हालांकि पीड़ित परिवार अब भी सरकारी सहायता का इंतजार कर रहे हैं और इलाके में पुनर्वास की मांग जोर पकड़ रही है।

अग्निकांड के बाद कुरसेला स्टेट हाट के कई दुकानदारों के सामने फिर से कारोबार खड़ा करने की चुनौती है। ऐसे में प्रशासनिक सहायता और जनप्रतिनिधियों का सहयोग ही उनके लिए नई उम्मीद बन सकता है।