Newshaat_Logo

पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में बड़ा हादसा टला: अचानक गिरी दीवार की टाइल्स, मची अफरा-तफरी

 
पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में बड़ा हादसा टला: अचानक गिरी दीवार की टाइल्स, मची अफरा-तफरी

Patna Airport News: राजधानी के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अराइवल एरिया में लगी दीवार की टाइल्स अचानक टूटकर नीचे गिरने लगीं। घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद यात्री कुछ पल के लिए सहम गए और अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी यात्री को चोट नहीं आई। हालांकि गिरती टाइल्स की चपेट में आकर एक सेफ्टी स्टील रॉड को हल्का नुकसान जरूर पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि टर्मिनल के एक हिस्से की दीवार पर लगी टाइल्स अचानक उखड़कर जमीन पर बिखर गईं। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनजर उस क्षेत्र को खाली कराकर टाइल्स को हटाया गया।

यह वही आधुनिक टर्मिनल है, जिसका उद्घाटन 29 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से बना यह टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसकी क्षमता सालाना 1 करोड़ यात्रियों को संभालने की है।

घटना के बाद अब निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि उद्घाटन के महज कुछ महीनों के भीतर ही इस तरह की घटना सामने आना चिंता का विषय माना जा रहा है।

हालांकि इस घटना का असर विमान परिचालन या यात्रियों की आवाजाही पर नहीं पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लेते हुए सामान्य व्यवस्था बहाल कर दी।