Newshaat_Logo

पटना में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, दिया स्वच्छता का संदेश

 
पटना में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, दिया स्वच्छता का संदेश

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में भगवान श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया और बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर तथा गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में आयोजित रथ यात्रा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री सबसे पहले इस्कॉन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद उन्होंने रथ यात्रा मार्ग पर स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष के बीच रथ की रस्सी खींचकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान इस्कॉन मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से रथ यात्रा का आयोजन किया गया था। यहां भी उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की, रथ मार्ग की साफ-सफाई में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बिहार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रथ यात्रा के दौरान पटना की सड़कों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। पूरे यात्रा मार्ग को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस धार्मिक आयोजन में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा के सभापति अवधेश नारायण सिंह, मंत्री अशोक चौधरी, संजय सिंह टाइगर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, श्याम रजक सहित कई गणमान्य लोगों ने रथ यात्रा में भाग लिया। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा ने एक बार फिर पटना में आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भगवान जगन्नाथ से सुख-समृद्धि की कामना की।