Newshaat_Logo

पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता गिरफ्तार, AK-47 बरामदगी मामले में एनआईए का एक्शन

बिहार के मुजफ्फरपुर से एके-47 बरामदगी मामले में एनआईए का बड़ा एक्शन हुआ है.
 
पटना

बिहार के मुजफ्फरपुर से एके-47 बरामदगी मामले में एनआईए का बड़ा एक्शन हुआ है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है. बुधवार देर रात मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के जौहरी बाजार स्थित उनके कार्यालय के पास से उनको गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई केस नंबर R.C. No. 11/2024/NIA/DLI के तहत की गई है. इस गिरफ्तारी के बाद मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. इस मामले में अब तक छह से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा की गिरफ्तारी को इस मामले में एनआईए की एक और अहम कार्रवाई मानी जा रही है.

एनआईए की कार्रवाई को लेकर गिरफ्तार अधिवक्ता के परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं. अधिवक्ता के पिता ने आरोप लगाया कि एनआईए जानबूझकर उनके बेटे को फंसा रही है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एनआईए की टीम दो बार उनके घर पर छापेमारी कर चुकी है. पहली छापेमारी में घर से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ था. वहीं, दूसरी छापेमारी के दौरान टीम ने घर के बाहर स्थित एक कमरे में रिवॉल्वर रखकर उसकी बरामदगी दिखाई. दूसरी छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम उनकी लाइसेंसी बंदूक और कुछ नकदी भी अपने साथ ले गई थी. इस संबंध में एनआईए के महानिदेशक से लेकर प्रधानमंत्री तक शिकायत की गई है. शिकायत करने के बाद से ही उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है.

अधिवक्ता के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि दूसरी छापेमारी और जब्ती सूची को पटना स्थित एनआईए की विशेष अदालत में चुनौती दी गई है. इस मामले में अदालत ने एनआईए से जवाब भी मांगा है. उनका दावा है कि इसी मामले को लेकर नाराजगी के कारण उनके भाई को गिरफ्तार किया गया है. मुजफ्फरपुर में एके-47 बरामदगी मामले में अब तक छह से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा की गिरफ्तारी को इस मामले में एनआईए की एक और अहम कार्रवाई माना जा रहा है. हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में एनआईए का पक्ष सामने आना बाकी है.