Newshaat_Logo

पटना को विश्वस्तरीय शहर बनाने की तैयारी तेज, महापौर सीता साहू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात

 
पटना को विश्वस्तरीय शहर बनाने की तैयारी तेज, महापौर सीता साहू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात

Bihar News: राजधानी पटना के समग्र विकास और शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर शहर के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान महापौर ने पटना नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने नगर निगम द्वारा म्यूनिसिपल बॉन्ड के जरिए संसाधन जुटाने की पहल, आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉल और वाणिज्यिक भवनों के निर्माण, राजस्व सुदृढ़ीकरण तथा शहरी आधारभूत संरचना के विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।

इसके अलावा महापौर ने स्वच्छता अभियान, नागरिक सुविधाओं के उन्नयन, राजस्व वृद्धि और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना नगर निगम की विकासोन्मुखी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार राजधानी को आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नगर निगम को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनकल्याण और विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए, ताकि राजधानीवासियों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस मुलाकात को पटना के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राजधानी के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।