Movie prime

पटना मेट्रो ने भरी रफ्तार! भूतनाथ–मलाही पकड़ी रूट पर ट्रायल रन सफल, जल्द शुरू होगा सफर

तकनीकी मानकों पर खरा उतरा परीक्षण, सुरक्षा मंजूरी के बाद खुलेगा नया कॉरिडोर
 
पटना मेट्रो ने भरी रफ्तार! भूतनाथ–मलाही पकड़ी रूट पर ट्रायल रन सफल, जल्द शुरू होगा सफर
Patna Metro news: राजधानी के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित पटना मेट्रो परियोजना के तहत भूतनाथ से मलाही पकड़ी स्टेशन तक ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। गुरुवार को मेट्रो के इस नए एलिवेटेड कॉरिडोर पर ट्रेन को विभिन्न गति स्तरों पर दौड़ाकर हर तकनीकी पहलू की बारीकी से जांच की गई।

पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार परीक्षण पूरी तरह संतोषजनक रहा है और जल्द ही इस रूट पर वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने की तैयारी की जाएगी। फिलहाल मेट्रो सेवा पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक संचालित हो रही है।

सिग्नलिंग से ब्रेकिंग तक हर सिस्टम की हुई जांच

ट्रायल रन के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक की मजबूती, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन, स्टेशन समन्वय, संचार व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल की गहन जांच की गई। मेट्रो के तकनीकी विशेषज्ञों और अभियंताओं की मौजूदगी में ट्रेन को निर्धारित अधिकतम गति तक चलाकर सभी सुरक्षा मानकों को परखा गया।

अधिकारियों का कहना है कि अब अगला चरण सुरक्षा निरीक्षण और अंतिम स्वीकृति का है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही इस खंड पर आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी।

जाम से राहत, सफर होगा आसान

भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से राजधानी के हजारों दैनिक यात्रियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था न केवल तेज और सुरक्षित होगी, बल्कि अधिक सुव्यवस्थित भी बनेगी।

पटना के सार्वजनिक परिवहन तंत्र में यह विस्तार एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है, जो शहर को आधुनिक और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की ओर मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।