Newshaat_Logo

पटना: छठ घाट पर गया था पूरा परिवार, चोरों ने खाली मकान से उड़ाए 2 करोड़ के जेवर, चांदी को हाथ भी नहीं लगाया

पटना में छठ महापर्व के अंतिम दिन जब पूरा परिवार बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गया था, उसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया.
 
छठ महापर्व

पटना में छठ महापर्व के अंतिम दिन जब पूरा परिवार बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गया था, उसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया. संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित चक बैरिया गांव में चोरों ने दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिये. चोर घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद भी ले गये. घटना सोमवार की सुबह करीब पांच बजे की बतायी जा रही है.

जानकारी के अनुसार, चक बैरिया गांव में स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का दो मंजिला मकान है. अरुण सिंह दैनिक जागरण, दुमका में सेल्स एग्जीक्यूटिव हैं, जबकि धर्मेंद्र सिंह गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं. परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षक और इंजीनियर हैं. अरुण सिंह के पुत्र सिद्धार्थ शिक्षक और धर्मेंद्र सिंह के पुत्र भास्कर इंजीनियर हैं.

सोमवार की सुबह दोनों भाइयों के परिवार के सभी सदस्य घर की पहली और दूसरी मंजिल के चारों कमरों में ताला लगाकर बैरिया सूर्य मंदिर छठ घाट पर अर्घ्य देने गये थे. इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया.

इसके बाद दोनों मंजिलों के कमरों में रखी अलमारी, दीवान, पलंग, पेटी और बक्सों के ताले तोड़ दिये. चोरों ने घर में रखे सोने के सभी कीमती जेवरात समेट लिये. हैरानी की बात यह रही कि सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ दिये गये, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया.

अर्घ्य देकर जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गये. अंदर जाने पर सभी कमरों के ताले टूटे मिले और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. घर की महिलाओं के सोने के गहने गायब थे. चोरी गये जेवरात में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता जी के गहने शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस आशीर्वाद कॉलोनी इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान दूसरी तरफ चक बैरिया में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में पहले इतनी बड़ी चोरी की वारदात सामने नहीं आयी थी.