आज 15 मिनट के लिए अंधेरे में डूबेगा पटना, शाम 7 बजे होगा ‘ब्लैक आउट’ मॉक ड्रिल
जैसे ही शाम 7 बजे सायरन बजेगा, पूरे शहर में ब्लैक आउट प्रक्रिया लागू हो जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की ऐसी सभी लाइटें बंद रखें, जिनकी रोशनी बाहर दिखाई दे सकती है। यहां तक कि वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोककर उनकी हेडलाइट बंद कराने की तैयारी की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने को कहा है ताकि मोबाइल, मोमबत्ती या किसी अन्य स्रोत की रोशनी भी बाहर न निकल सके। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह का अभ्यास संभावित खतरे की स्थिति में सुरक्षा रणनीति को समझने के लिए जरूरी है।
ब्लैक आउट से पहले दोपहर 3 बजे से राहत और बचाव कार्यों का मॉक ड्रिल भी किया जाएगा। इसमें NDRF (National Disaster Response Force) और SDRR (State Disaster Response Force) की टीमें हिस्सा लेंगी। अभ्यास के दौरान मलबे में फंसे लोगों को निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस बड़े अभ्यास को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राजधानी के सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड टीमों को भी पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि यह सिर्फ एक सुरक्षा अभ्यास है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों ने जनता से अनुशासन बनाए रखते हुए सहयोग करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी आपदा या आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।







