पटना को मिला 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' सम्मान, तीन सर्वेक्षणों में लगातार बेहतर प्रदर्शन
साफ-सफाई के मामले में बिहार की राजधानी पटना ने एक बार फिर नया इतिहास रच दिया है. देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पटना को स्वच्छता का यह बड़ा ताज पहनाया है. इस शानदार उपलब्धि के बाद पूरे बिहार और खासकर पटनावासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत पटना नगर निगम को बिहार का सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर घोषित किया गया है. निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ बिहार’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है. बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में दसवें स्वच्छ सर्वेक्षण का राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया था. इसी समारोह में राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान दिया गया.
पटना की इस ऐतिहासिक जीत पर पुरस्कार लेने के लिए शहर के कई बड़े दिग्गज दिल्ली पहुंचे थे. पटना की तरफ से नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रेशमी कुमारी, विभाग के सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार ग्रहण किया.
इस मौके पर पटना नगर निगम ने एक बेहद सराहनीय पहल की. अधिकारियों ने मंच पर अपनी सफलता का पूरा श्रेय शहर के सफाईकर्मियों को दिया. निगम अपनी तरफ से दो कर्मठ सफाई साथियों अमरजीत मांझी और रॉकी पासवान को भी पुरस्कार समारोह के मंच पर साथ ले गया था
इन दोनों सफाईकर्मियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया. जिससे यह साबित हुआ कि शहर को चमकाने में असल मेहनत इन्हीं जमीनी योद्धाओं की है.
अधिकारियों के मुताबिक, पटना की इस कामयाबी के पीछे कई ठोस वजहें हैं. शहर में घर-घर जाकर यानी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करना, पुराने कचरे यानी लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना और सफाईकर्मियों का बेहतरीन काम करना शामिल है. इन सभी वजहों से पटना ने स्वच्छता के मामले में लंबी छलांग लगाई है.
सिर्फ कचरा प्रबंधन ही नहीं, बल्कि वायु गुणवत्ता के मामले में भी पटना ने शानदार प्रदर्शन किया है. हाल ही में जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में पटना को देश भर में सोलहवां स्थान मिला था।
दस लाख से अधिक आबादी वाले देश के अड़तालीस बड़े शहरों के बीच हुए इस मूल्यांकन में पटना ने बेहतरीन अंक हासिल किए. इसके अलावा वार्ड स्तर पर हुए मुकाबले में वार्ड नंबर-9 और वार्ड नंबर-43 ने बाजी मारी. खास तौर पर वार्ड-43 को बिहार में पहला स्थान मिला, जिसके लिए पच्चीस लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. दोनों वार्डों को मिलाकर कुल चालीस लाख रुपये का इनाम मिला है
‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का यह सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में किसी भी शहर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि माना जाता है. इसमें डोर-टू-डोर कचरा उठाने से लेकर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और नागरिकों की भागीदारी जैसे कड़े पैमाने परखे जाते हैं. इन सभी पैमानों पर खरा उतरकर पटना ने साबित कर दिया है कि अब हमारी राजधानी वाकई चकाचक हो गई है.







